सोनभद्र रहा अव्वल, वन विभाग ने लगाए सबसे अधिक पौधे; शीशम और सागौन की रही सबसे ज्यादा हिस्सेदारी

लखनऊ (Naren Danu) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश ने रविवार को वृक्षारोपण का नया रिकॉर्ड बनाया। राज्यभर में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के दौरान 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। इस अभियान में सभी विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भाग लिया।

सबसे अधिक 15.42 करोड़ पौधों का रोपण वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने किया। इसके बाद ग्राम्य विकास विभाग ने 10.56 करोड़, कृषि विभाग ने 3.26 करोड़, उद्यान विभाग ने 1.52 करोड़ और पंचायती राज विभाग ने 1.13 करोड़ पौधे लगाए।

जिलों की बात करें तो सोनभद्र ने 1.68 करोड़ पौधों के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद ललितपुर, झांसी, लखीमपुर खीरी और जालौन क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान पर रहे।

पौधों की प्रजातियों में शीशम सबसे आगे रहा, जिसके 4.67 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। इसके बाद सागौन (4.13 करोड़), जामुन (2.28 करोड़), अमरूद (1.80 करोड़) और अर्जुन (1.51 करोड़) के पौधों का सर्वाधिक रोपण हुआ। फलदार प्रजातियों में जामुन सबसे अधिक लगाया गया।

राज्य सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जनभागीदारी के माध्यम से ‘ग्रीन यूपी’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के तहत लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।