बाढड़ा में 93% फॉर्म जमा, बीएलओ घर-घर पहुंचकर कर रहे संपर्क; दूसरे राज्यों से विवाह कर आई महिलाओं के मामलों में बढ़ी चुनौती

बाढड़ा (Naren Danu) : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्र जमा करने का सोमवार अंतिम दिन है। निर्वाचन विभाग ने ऐसे सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराने की अपील की है, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

निर्वाचन विभाग के अनुसार बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में अब तक 93 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं। शेष मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बीएलओ लगातार घर-घर जाकर फॉर्म एकत्रित करने और आवश्यक जानकारियों का सत्यापन कर रहे हैं।

अभियान के दौरान सबसे अधिक परेशानी उन महिलाओं के मामलों में सामने आ रही है जिनका विवाह दूसरे राज्यों से हरियाणा में हुआ है। ऐसी कई महिलाओं के पास अपने मायके क्षेत्र में हुए पिछले एसआईआर या मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध नहीं है। इससे सत्यापन प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग रहा है और कई मामलों में संबंधित राज्यों से जानकारी मंगानी पड़ रही है।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि निर्धारित समय के भीतर प्राप्त होने वाले फॉर्म के आधार पर 21 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन आवेदकों के पास अभी पिछली एसआईआर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, वे आवश्यक प्रमाण बाद में भी जमा कर सकते हैं। इन दस्तावेजों का सत्यापन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।

सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं तहसीलदार साहिल दलाल ने कहा कि सभी प्राप्त प्रपत्रों की नियमानुसार जांच और सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी।