छह लोगों पर केस दर्ज, दो जीवित गायें और गौवंश के अवशेष मिले; इलाके में पुलिस तैनात

अमरगढ़ (Naren Danu) : पंजाब के अमरगढ़ क्षेत्र के गांव बुलापुर में खेतों के बीच बने एक मकान और पशु बाड़े में कथित गौहत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध गौमांस, गौवंश के अवशेष, कटाई में इस्तेमाल किए गए औजार और दो जीवित गायें बरामद कीं। मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जबकि दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गांव बुलापुर निवासी एक किसान की सूचना पर कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ठेके पर ली गई जमीन पर बने परिसर में बेसहारा गौवंश लाकर अवैध रूप से काटा जाता था। सूचना मिलने के बाद थाना अमरगढ़ पुलिस ने मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद असलम और उसके दामाद सबाव को गिरफ्तार कर लिया। परिसर से तीन गायों के कटे हुए सिर, करीब दो क्विंटल संदिग्ध गौमांस, गौवंश के अन्य अवशेष, मांस काटने के औजार तथा दो जीवित गायें बरामद की गईं।

एसएचओ जगसीर सिंह ने बताया कि इस मामले में जमीन मालिक समेत कुल छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू गौ रक्षा दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की मौजूदगी में बरामद गौवंश के अवशेषों का धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।