चंडीगढ़ (Naren Danu) : पीजीआई के एडवांस्ड न्यूरो साइंस सेंटर (एएनसी) में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब लंबा इंतजार खड़े होकर नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने ट्रॉली शेड वाले क्षेत्र को खाली कर 200 लोगों की क्षमता वाला नया वेटिंग एरिया तैयार किया है। पहले यहां केवल 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी, लेकिन बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए इसकी क्षमता दोगुनी कर दी गई है।
नए वेटिंग एरिया में कुर्सियां और पंखे लगाए गए हैं, जिससे मरीज और उनके तीमारदार अपनी बारी आने तक आराम से बैठ सकेंगे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसी दिशा में यह कदम उठाया गया है।
एडवांस्ड न्यूरो साइंस सेंटर के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव चौहान ने बताया कि अस्पताल परिसर के बाहर बने शेड को भी खाली करा दिया गया है। इस स्थान को जल्द ही पूरी तरह एयर कंडीशंड वेटिंग एरिया में बदला जाएगा, ताकि गर्मी और उमस के दौरान भी मरीजों को परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि मरीजों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए टोकन प्रणाली पहले की तरह जारी रहेगी। इसके जरिए मरीजों को निर्धारित क्रम में बुलाया जाएगा, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
गौरतलब है कि पहले मरीजों और उनके परिजनों को अपनी बारी का इंतजार सेंटर के बाहर खड़े होकर करना पड़ता था और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। अब नई व्यवस्था लागू होने से मरीजों और उनके साथ आए लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।