नई दिल्ली (Naren Danu) : भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अगले वर्ष परिचालन के नए चरण में प्रवेश करेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला सेक्शन सूरत और बिलिमोरा के बीच अगले साल शुरू किया जाएगा। इसके बाद परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरे मार्ग पर विस्तारित किया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि पहले चरण के बाद वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक हाई-स्पीड रेल सेवा शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। रेल मंत्रालय ने भी परियोजना को भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा की दिशा में अहम उपलब्धि बताते हुए इसकी प्रगति साझा की।
हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अश्विनी वैष्णव ने तेलंगाना के लिए प्रस्तावित तीन हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु बुलेट ट्रेन परियोजनाएं भविष्य में हैदराबाद को देश का प्रमुख हाई-स्पीड रेल हब बनाएंगी।
रेल मंत्री के अनुसार, इन कॉरिडोर के शुरू होने से प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। प्रस्तावित नेटवर्क के तहत पुणे से हैदराबाद की यात्रा करीब दो घंटे, हैदराबाद से मुंबई लगभग दो घंटे 50 मिनट, अमरावती एक घंटा 10 मिनट, चेन्नई तीन घंटे और बेंगलुरु दो घंटे 35 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना के रेलवे विकास के लिए 5,400 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इससे राज्य में रेल अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के जरिए औद्योगिक, व्यापारिक तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।