भोपाल (Naren Danu) : मध्य प्रदेश को उभरते प्रौद्योगिकी निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सोमवार को राजधानी भोपाल में एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और देश-विदेश की प्रमुख तकनीकी कंपनियों, निवेशकों तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित इस कॉन्क्लेव का मुख्य फोकस सेमीकंडक्टर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और डेटा सेंटर जैसे उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है। कार्यक्रम के दौरान राज्य की तकनीकी विकास नीति पर प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि उद्योग विशेषज्ञ भविष्य की संभावनाओं और निवेश के नए अवसरों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कॉन्क्लेव में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और मध्य प्रदेश को जीसीसी हब के रूप में विकसित करने जैसे विषयों पर राउंडटेबल चर्चाएं भी आयोजित होंगी। इनमें उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के बीच कौशल विकास, औद्योगिक आधारभूत ढांचे और नीतिगत सहयोग को लेकर मंथन होगा।
कार्यक्रम में सीटीआरएलएस डेटासेंटर्स, केन्स टेक्नोलॉजीस, फुजियामा पावर, न्योबोल्ट लिमिटेड सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। स्टार्टअप, निवेशक, शोध संस्थान और शैक्षणिक संस्थान भी नवाचार तथा उद्योग-शिक्षा सहयोग से जुड़े सत्रों में हिस्सा लेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव के पहले दो संस्करणों में 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनसे एक लाख से अधिक संभावित रोजगार अवसर सृजित हुए। तीसरे संस्करण से भी प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बड़े निवेश और नई औद्योगिक साझेदारियों की उम्मीद जताई जा रही है।