तरनतारन (Naren Danu) : पंजाब के सीमावर्ती जिले तरनतारन में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई बड़ी खेप को सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ लिया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में 10 किलो 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 55 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार वल्टोहा थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि गांव लखना के बहकान इलाके में स्थित एक खेत में ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध पैकेट गिराए गए हैं। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान खेतों से एक प्लास्टिक बैग और कई पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 10.9 किलोग्राम हेरोइन मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
मामले में वल्टोहा थाने में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन ऑपरेशन के पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय था और इस खेप को किस तक पहुंचाया जाना था।
सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिए हैं।