स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड में उद्योग जगत व शीर्ष नेताओं से मिलेंगे; तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और 6जी सहयोग रहेगा फोकस

नई दिल्ली (Naren Danu) : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 से 17 जुलाई तक स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। पांच दिवसीय दौरे का उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और औद्योगिक सहयोग को नई गति देना है। इस दौरान भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से जुड़े मुद्दों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

गोयल के नेतृत्व में भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य प्रसंस्करण और रत्न-आभूषण क्षेत्र की कंपनियों का प्रतिनिधित्व करेगा।

यात्रा की शुरुआत स्पेन से होगी, जहां गोयल दोनों देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और भारत-स्पेन बिजनेस राउंडटेबल की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान ऑटोमोबाइल, अक्षय ऊर्जा, रेलवे, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

इसके बाद बेल्जियम में वह एंटवर्प बंदरगाह और एंटवर्प वर्ल्ड डायमंड सेंटर का दौरा करेंगे। साथ ही भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की तीसरी मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेकर व्यापार, डिजिटल सहयोग, निवेश, टिकाऊ प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

दौरे के अंतिम चरण में गोयल फिनलैंड पहुंचेंगे, जहां नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, दूरसंचार और 6जी तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। इस दौरान भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और बिजनेस फिनलैंड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। इसके अलावा वह नोकिया, वीटीटी रिसर्च सेंटर, कोन कॉरपोरेशन और केम्पी समूह सहित कई प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

भारत सरकार का मानना है कि यह दौरा यूरोप के साथ आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।