सुरक्षित नौवहन बहाल करने की अपील, विदेश मंत्रालय बोला- तनाव कम कर कूटनीतिक समाधान निकाला जाए

नई दिल्ली (Naren Danu) : ओमान के तट के समीप साइप्रस के ध्वज वाले मालवाहक जहाज जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले के बाद भारत ने सक्रिय कूटनीतिक पहल शुरू कर दी है। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जहाज पर मौजूद 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

सरकार ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा लापता भारतीय की खोज के प्रयासों की निगरानी कर रहा है। भारत ने राहत अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर लगातार बढ़ते हमले वैश्विक व्यापार और समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन रहे हैं। मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की दिशा में कूटनीतिक प्रयास तेज करने की अपील की।

भारत ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाया जाना स्वीकार्य नहीं है। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।