कपिल शर्मा कैफे फायरिंग मामले का आरोपी, कनाडा ने शुरू की प्रत्यर्पण प्रक्रिया; अमेरिकी आरोपपत्र में भी शामिल

मुंबई (Naren Danu) : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। गैंग के कथित सदस्य गरिंदर देव को फ्रांस में गिरफ्तार किया गया है। उस पर कनाडा में हुए कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में शामिल होने का आरोप है। कनाडाई अधिकारियों ने उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) के अनुसार 40 वर्षीय गरिंदर देव को फ्रांस में हिरासत में लिया गया है और जल्द ही उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कनाडा लाया जाएगा। उसका नाम अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) की ओर से दायर आरोपपत्र में भी शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह 'रिट्ज कार्लटन', 'रॉकेट' और 'डॉक्टर' जैसे उपनामों से भी जाना जाता था।

अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि गरिंदर देव गैंग की फंडिंग के लिए कोकीन और हेरोइन की तस्करी से जुड़ा था। आरोप है कि उसने वर्ष 2025 में अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने की साजिश रची थी, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते विफल कर दिया।

उधर, इसी मामले में आरोपी जशनदीप सिंह को भी कनाडा से निष्कासित (डिपोर्ट) करने के आदेश दिए गए हैं। उस पर कैफे फायरिंग में इस्तेमाल हथियार को छिपाने में मदद करने का आरोप है।

अमेरिकी जांच में यह भी दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग विकेंद्रीकृत (डिसेंट्रलाइज्ड) नेटवर्क के जरिए अलग-अलग देशों से अपने सदस्यों और शूटरों का संचालन करता है। अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा दायर आरोपपत्र में गैंग से जुड़े 36 लोगों के नाम शामिल हैं, जिनमें से 25 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।