श्रीभूमि जिले से 10 हजार याबा टैबलेट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; मुख्यमंत्री ने पुलिस की सराहना की

गुवाहाटी (Naren Danu) : असम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत श्रीभूमि जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 हजार याबा गोलियां बरामद की हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

राज्य सरकार के अनुसार, कार्रवाई 'असम अगेंस्ट ड्रग्स' अभियान के तहत की गई, जिसके माध्यम से राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने इस सफलता पर श्रीभूमि पुलिस की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "ब्रेकिंग बैड? असम में नहीं।" उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस ड्रग्स तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और उन्हें किसी भी तरह की राहत नहीं दी जाएगी।

सरकार ने दोहराया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए राज्य में अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।