जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल, देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब मांगने का ऐलान

नई दिल्ली (Naren Danu) : कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि मामले में अब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना इस बात का संकेत है कि उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है। इसी क्रम में शनिवार को देशभर के 26 स्थानों पर पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गईं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 9 स्थानों पर प्रेस वार्ता हुई थी, जबकि रविवार को 13 और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की योजना है।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।