कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : थानेसर शहर के लिए बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना का शुभारंभ 17 जुलाई को जींद से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से इस परियोजना की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों का मानना है कि एलिवेटेड ट्रैक के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
आल इंडिया पत्रकार एकता संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी वालिया, प्रदेश मुख्य संरक्षक दलबीर सिंह मलिक, धर्म सिंह जोगनाखेड़ा जिला मुख्य सलाहकार, उमेश गर्ग ने बताया कि एलिवेटेड ट्रैक बनने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से मुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा। स्थानीय व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना से आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की आवाजाही भी पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु हो सकेगी।
जिले के लोगों का कहना है कि यह परियोजना थानेसर और कुरुक्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए केंद्र सरकार, रेल मंत्रालय तथा सभी संबंधित विभागों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कुरुक्षेत्र के विकास के लिए इसी प्रकार की जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।