99.34 प्रतिशत घरों तक पहुंचा फॉर्म वितरण, 11-12 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का काम तेजी से जारी है। अभियान शुरू होने के महज 16 दिनों में राज्य में एक करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि 99.34 प्रतिशत घरों तक गणना प्रपत्रों का वितरण भी किया जा चुका है।

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के लिए गणना प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटलीकरण बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), पर्यवेक्षकों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण का कार्य निर्धारित समय के अनुसार किया जा रहा है।

अभियान में तेजी लाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 11 और 12 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में शेष गणना प्रपत्रों को भरने, जमा करने और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के साथ-साथ मतदाता सूची में त्रुटियों और लिंकिंग संबंधी समस्याओं को भी दूर किया जाएगा।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत 24,453 बीएलओ 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक 2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाएंगे। इसके बाद मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया 24 जुलाई तक पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 3 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि दावे और आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर, 2026 को जारी की जाएगी।

अनिंदिता मित्रा ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष शिविरों में भाग लेकर अपने मतदाता विवरणों की जांच कराएं और उन्हें सही व अद्यतन सुनिश्चित करें, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाया जा सके।