12.9 किलो हेरोइन समेत लाखों कैप्सूल-गोलियां और भारी मात्रा में नशीला पाउडर नष्ट; ड्रोन तस्करी पर भी पुलिस की नजर

अमृतसर (Naren Danu) : नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 280 मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई खन्ना पेपर मिल में ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 12.9 किलोग्राम हेरोइन, लाखों नशीले कैप्सूल और गोलियां, 4.38 लाख ग्राम से अधिक नशीला पाउडर, 12 किलोग्राम पोस्त, 3.15 किलोग्राम स्मैक के अलावा चरस, गांजा, भांग और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ शामिल थे।

मालखानों से हटेगा बोझ

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त नशीले पदार्थों के निपटारे से पुलिस थानों और मालखानों में जगह खाली होगी। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक 2,176 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का निपटारा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में जब्त किए जाने वाले नशीले पदार्थों को सुरक्षित रखने और रिकॉर्ड प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी।

ड्रोन से तस्करी बनी बड़ी चुनौती

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से होने वाली नशा तस्करी पंजाब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता न केवल नशा सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई करना है, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करना भी है।

ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी के चेयरमैन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जगविंदर सिंह, एसीपी डिटेक्टिव इंद्रजीत सिंह और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित कानूनी प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।