पशु अस्पतालों में 24 घंटे बिजली, स्वच्छ पानी और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश; खराब व्यवस्थाओं पर कार्रवाई के आदेश

चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने राज्य की पशुधन स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही, अनुपस्थिति या जन शिकायतों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एसएएस नगर स्थित लाइवस्टॉक कॉम्प्लेक्स में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने राज्यभर के पशु चिकित्सालयों और डिस्पेंसरियों की कार्यप्रणाली, आधारभूत ढांचे और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की।

कुछ पशु चिकित्सा संस्थानों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पशुपालन निदेशक को निर्देश दिए कि भवनों की मरम्मत, रखरखाव और जरूरी सुविधाओं के उन्नयन का काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

मंत्री खुड्डियां ने सभी पशु चिकित्सा संस्थानों में 24 घंटे बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकों के सुरक्षित भंडारण के लिए बेहतर कोल्ड स्टोरेज व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि वैक्सीन संरक्षण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पशुपालकों को समय पर और सम्मानजनक सेवाएं मिलनी चाहिए। विभागीय योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक बिना देरी, भेदभाव और परेशानी के पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ड्यूटी में देरी, अनुपस्थिति, लापरवाही और शिकायतों को लंबित रखना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने और विभागीय सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।