अमृतसर (Naren Danu) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार संचालित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 8.378 किलोग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ लव (28) निवासी गांव खासा, अमृतसर के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों के इशारे पर विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप प्राप्त कर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में उसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले दोनों आरोपियों को 2 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर 3.01 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। जांच आगे बढ़ने पर सीमा पार से संचालित एक अन्य तस्करी मॉड्यूल का भी पता चला, जिसके आधार पर पुलिस ने एक लक्षित अभियान में 3.368 किलोग्राम और हेरोइन बरामद की।
पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी नामजद किया गया है। पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।
इस संबंध में थाना छेहरटा और थाना इस्लामाबाद में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।