मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार से जुड़ी कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने का आरोप, विभागीय जांच शुरू

कोलकाता (Naren Danu) : पश्चिम बंगाल में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार से जुड़ी कथित आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में कोलकाता पुलिस के दो उपायुक्त (डीसी) स्तर के अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, उपायुक्त (नॉर्थ-3) बिधान साहा और उपायुक्त (पोर्ट-2) पार्थ प्रतिम दास के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

आरोप है कि पार्थ प्रतिम दास ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के विरोध में एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जबकि बिधान साहा पर भी इसी तरह की सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।

बताया गया है कि कोलकाता पुलिस आयुक्त ने पहले ही सभी अधिकारियों को सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता बरतने और भ्रामक या अनुचित सामग्री साझा करने से बचने के निर्देश दिए थे। प्रारंभिक जांच में मामला सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। फिलहाल विभागीय जांच जारी है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।