सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक भरें और जमा करें गणना फॉर्म, 3 अगस्त की ड्राफ्ट वोटर सूची में नाम शामिल कराने की अपील

जालंधर/चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची अपडेट करने की प्रक्रिया जारी है। घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरने का अभियान 24 जुलाई तक चलेगा। इस प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए 11 और 12 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक राज्य के सभी पोलिंग बूथों पर दो दिवसीय विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) पंजाब अनिंदिता मित्रा ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना गणना फॉर्म नहीं भरा है, तो वे अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें या विशेष शिविर में पहुंचकर फॉर्म भरकर जमा कर दें।

उन्होंने कहा कि 3 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना बेहद जरूरी है। इसके लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। शिविर के दौरान सभी निर्धारित पोलिंग बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को फॉर्म भरने, दस्तावेजों की जानकारी देने तथा प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता करेंगे। चुनाव विभाग ने नागरिकों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।