कम स्टेप्स में बुकिंग, एक स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटें, कैप्चा और पॉप-अप से मिलेगी राहत

नई दिल्ली (Naren Danu) : ट्रेन यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। भारतीय रेलवे जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है, जिससे ऑनलाइन टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई वेबसाइट लगभग तैयार है और इसे नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जाएगा।

नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं। टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले कैप्चा और पॉप-अप की समस्या काफी हद तक कम होगी। साथ ही सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे अलग-अलग क्लास चुनकर सीट चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बुकिंग प्रक्रिया को भी पहले से सरल बनाया गया है। कम चरणों में टिकट बुक हो सकेगा और नियमित यात्रियों के लिए यात्री विवरण सेव रखने की सुविधा भी मिलेगी। इससे हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी।

रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेलवे करीब 40 वर्ष पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड कर रहा है। यह काम बिना टिकट बुकिंग सेवा बाधित किए किया जा रहा है। नया सिस्टम लागू होने के बाद वेबसाइट की गति बढ़ेगी और अधिक संख्या में यात्री एक साथ टिकट बुक कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि रेलवे का RailOne ऐप भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इसे अब तक चार करोड़ से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं। इसके अलावा तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स और फर्जी बुकिंग पर रोक लगाने के लिए भी रेलवे लगातार तकनीकी सुधार कर रहा है।

रेलवे के अनुसार, नई वेबसाइट के डिजाइन और फीचर्स तैयार करने में एमएनआईटी जयपुर के छात्रों के सुझावों को भी शामिल किया गया है, ताकि यात्रियों को अधिक सहज और बेहतर डिजिटल अनुभव मिल सके।