पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर यूनियन संबंधित सीटू एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला कमेटी पानीपत के नेतृत्व में जिला परियोजना अधिकारी पानीपत कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय आवाहन पर मनाई जा रहे काला दिवस के मौके पर अपनी मांगों को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा भारत सरकार नई दिल्ली को लिखित मांग पत्र जिला परियोजना अधिकारी के माध्यम से भेजा गया। स्थानीय मांगों से संबंधित भी जिला परियोजना अधिकारी से अलग से ज्ञापन दिया गया।
*विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त, आंगनबाड़ी यूनियन पानीपत शहरी प्रधान प्रभारानी, सुरेश बाला, रेनू, दर्शन, सतवंती, किरण, कांता देवी ने किया।
*सीटू राज्य सचिव सुनील दत्त ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आंगनबाड़ी परियोजना को 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। देश की लाखों महिलाएं इस परियोजना में कार्य कर रही है। जिनका आर्थिक शोषण सरकार कर रही है। यूनियन लगातार मांग कर रही है कि परियोजना में लगी सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, बढ़ती महंगाई को देखते हुए न्यूनतम वेतन के अनुसार केंद्र सरकार वर्कर्स को 41000 रुपए, हेल्पर को₹35000 मासिक वेतन दिया जाए।
*उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झूठों की सरकार है। सन 2018 में₹1500 बढ़ाने की घोषणा की थी लेकिन अब तक नहीं दिया गया। दूसरी तरफ देश के सुप्रीम कोर्ट ने सन 2022 के अंदर आंगनवाड़ी वर्कर्स को ग्रेच्युटी लागू करने के आदेश दिए थे उसको भी जारी नहीं किया गया। केंद्र सरकार से इस लिखित मांग पत्र के माध्यम से यूनियन ने मांग की है कि रिटायरमेंट के समय न्यूनतम मासिक पेंशन 18000 रुपए की जाए और जब तक पेंशन लागू न हो तब तक रिटायर न किया जाए, महंगाई को देखते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों का किराया बढ़ाया जाए महानगर में बढ़कर₹15000 किया जाए, शहरी इलाके में ₹10000 किया जाए और ग्रामीण इलाके में ₹5000 किया जाए, आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर को BLO न लगाया जाए और SIR व अन्य सर्वे ने करवाया जाएं, आंगनबाड़ी केदो पर क्वालिटी चेक करके बच्चों के लिए भोजन सामग्री उपलब्ध करवाई जाए, विभाग द्वारा समय-समय पर प्रशासनिक बैठकों में आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर को आने के लिए किराया दिया जाए, सरकारी नौकरी प्राइमरी टीचर, ग्राम सेवक, स्वास्थ्य विभाग में एएनएम आदि पदों पर आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर का भर्ती कोटा निर्धारित किया जाए।
*स्थानीय मांगे-
1. आंगनबाड़ी शहरी और ग्रामीण केंद्रों का बकाया किराए का तुरंत भुगतान किया जाए।
2. कई वर्ष पहले हड़ताल के समय का वेतन पूरे हरियाणा में लगभग सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्पर को मिल चुका है। पानीपत जिले में अभी केवल पांच आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर का बकाया है वह तुरंत भुगतान किया जाए वरना आंदोलन कार्यालय के सामने करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
3. पिछले 2 वर्ष से सर्दी और गर्मी की वर्दी का बकाया पैसा तुरंत दिया जाए।
4. एस एच जी सन 2024- 26 तक का बकाया बजट दिया जाए।
5. ऑनलाइन काम के लिए मोबाइल नेट पैक का पैसा दिया जाए और अच्छी क्वालिटी के टैब दिए जाएं।
6. पी एम एम वी आई स्कीम के कार्य का बकाया इंसेंटिव का भुगतान किया जाए।
7. सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को मासिक फ्लेक्सी बजट दिया जाए।