खनन एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, पानीपत में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के पंचायत एवं विकास तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक फादर कार्तिक एबल ने की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन, शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय के नवीन पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया तथा पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए विद्यालय की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इसके उपरांत कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक फादर कार्तिक एबल ने मुख्यअतिथि मंत्री कृष्ण लाल पंवार को पौधा भेंट कर और पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए । मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित दिखाई दिया।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधक फादर कार्तिक एबल के आशीर्वाद से यह संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और स्कूल प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन के मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा और संस्कारों का केंद्र बन गया है।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय की लाइब्रेरी में बच्चों की पुस्तकों हेतु 5 लाख रुपये अनुदान की भी घोषणा की और कहा कि विद्यालय के प्रेक्षागृह को पूर्ण रूप से वातानुकूलित भी कराया जाएगा। विद्यालय के प्रबंधक फादर कार्तिक एबल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक फादर कार्तिक एबल ने मंत्री कृष्ण लाल पंवार को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।