जींद (Narendra Singh Danu) : हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने इसे हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
डॉ. मिड्ढा शुक्रवार को खेड़ी, तलौडा, लोहचब और मनोहरपुर सहित करीब एक दर्जन गांवों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ईंधन आधारित यह ट्रेन पारंपरिक डीजल ईंधन पर निर्भर नहीं होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी।
उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना से जींद राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान हासिल करेगा और विकास के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराएगा। उनके अनुसार प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समारोह में शामिल होंगे।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों से पहुंचने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री की जनसभा में रिकॉर्ड संख्या में लोगों की भागीदारी होगी।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जींद में मेडिकल कॉलेज, भाखड़ा नहर से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने जैसी परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को सुबह 9 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। साथ ही प्रदेशवासियों को हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी जाएगी।