नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन देशों के मौजूदा विदेश दौरे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत की रणनीतिक और कूटनीतिक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। भाजपा का दावा है कि इस यात्रा के दौरान रक्षा, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी के क्षेत्र में कई अहम फैसले हुए हैं, जिनसे वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका और मजबूत होगी।
भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धियों में इंडोनेशिया के साथ प्रस्तावित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल समझौता शामिल है। उन्होंने बताया कि भारत और इंडोनेशिया के बीच इस रक्षा सौदे की अनुमानित कीमत करीब 5,400 करोड़ रुपये बताई जा रही है और यह भारत के बड़े रक्षा निर्यात समझौतों में शामिल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान अहम खनिजों, रणनीतिक बुनियादी ढांचे और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। भाजपा के अनुसार, ये समझौते भारत की आर्थिक और सुरक्षा साझेदारियों को नई दिशा देंगे।
प्रधानमंत्री के विदेश दौरों को लेकर विपक्ष की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए तुहिन सिन्हा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिले 35 सर्वोच्च नागरिक सम्मान उनके वैश्विक नेतृत्व और ‘ग्लोबल साउथ’ के मुद्दों पर भारत की भूमिका की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता को दर्शाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को लेकर कांग्रेस ने राजनीतिक बयानबाजी की और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की यह विदेश यात्रा भारत की रक्षा क्षमता, आर्थिक साझेदारी और वैश्विक प्रभाव को बढ़ाने वाली साबित होगी।