जालंधर (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरुवार को स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्य और समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने स्टेशन पर चल रहे अंतिम कार्यों की जानकारी दी। करीब 98.89 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को उद्घाटन से पहले अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि रेलवे और प्रशासन प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों में पूरी तरह जुटे हैं। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई तक जिन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो जाएगा, उनका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि बड़े विकास कार्यों में छोटी-मोटी कमियां रह जाती हैं, जिन्हें समय रहते दूर किया जा रहा है। देशभर में एक हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का अभियान चल रहा है और जालंधर कैंट स्टेशन, जिसका इतिहास लगभग एक सदी पुराना है, अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
बिट्टू ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और प्रशासनिक टीमें तैयारियों में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब में रेलवे, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं पर लगातार निवेश कर रही है और विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी गई है।
राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विकास की राजनीति को समर्थन दे रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बिट्टू ने आरोप लगाया कि पार्टी मजबूत संगठन तैयार करने के बजाय नेताओं को पद देकर संतुष्ट करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आंतरिक मतभेदों में उलझा है, जबकि केंद्र सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।