के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के लिए सेक्टर-66, 77 और 79 में प्लॉट उपलब्ध; 10 जुलाई से शुरू होगी ऑनलाइन बोली प्रक्रिया

मोहाली (Narendra Singh Danu) : ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने शहर में आधुनिक स्कूलों की स्थापना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन शैक्षणिक प्लॉट ई-नीलामी के जरिए आवंटित करने का निर्णय लिया है। इन प्लॉटों पर केवल के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थापित किए जा सकेंगे। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, ट्रस्टों, सोसायटियों और अन्य पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।

गमाडा की वर्ष-2025 शैक्षणिक प्लॉट आवंटन नीति के तहत यह प्रक्रिया तकनीकी और वित्तीय बोली प्रणाली के माध्यम से पूरी की जाएगी। ई-नीलामी में सेक्टर-77 का 2.50 एकड़ प्लॉट 23.74 करोड़ रुपये, सेक्टर-79 का 2 एकड़ प्लॉट 20.71 करोड़ रुपये और सेक्टर-66 (बीटा, आईटी सिटी) का 4.10 एकड़ प्लॉट 48.53 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत के साथ उपलब्ध कराया गया है।

ऑनलाइन बोली प्रक्रिया 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक आवेदन एवं बोली जमा की जा सकेगी। इसके बाद तकनीकी बोलियों की जांच की जाएगी, जबकि पात्र आवेदकों की वित्तीय बोली खोलने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

गमाडा के अनुसार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएगी। इच्छुक संस्थानों को पंजाब ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों से जुड़ी विस्तृत जानकारी गमाडा की आधिकारिक वेबसाइट और ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध है।

गमाडा अधिकारियों का कहना है कि मोहाली शिक्षा और आईटी क्षेत्र के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। बढ़ती आबादी और गुणवत्तापूर्ण स्कूलों की मांग को देखते हुए नए शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के लिए यह पहल की गई है। उनका मानना है कि इससे शहर के शिक्षा ढांचे को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा