एसआईआर प्रक्रिया के तहत 24 जुलाई तक जारी रहेगा घर-घर गणना फॉर्म भरने का काम, सीईओ ने मतदाताओं से की भागीदारी की अपील

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए चुनाव विभाग ने दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने का फैसला किया है। राज्य के सभी पोलिंग बूथों पर 11 और 12 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे, जहां मतदाता अपने गणना फॉर्म भरने और जमा करवाने की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) पंजाब श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने बताया कि एसआईआर के तहत घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया पहले से जारी है, जो 24 जुलाई तक चलेगी। उन्होंने कहा कि विशेष शिविरों का उद्देश्य उन मतदाताओं को सुविधा देना है, जो अभी तक किसी कारणवश अपना फॉर्म पूरा नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आगामी ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम शामिल होने से वंचित न रह जाए। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अगस्त को प्रस्तावित है।

सीईओ ने कहा कि सभी निर्धारित पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को फॉर्म भरने से लेकर जमा करवाने तक हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।