पत्नी और बेटे की हालत गंभीर, घरेलू विवाद के एंगल से पुलिस कर रही जांच

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब के पटियाला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। इस घटना में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, पटियाला की ऑफिसर कॉलोनी निवासी विकास बातिश, उनकी पत्नी तमन्ना बातिश, बेटी खुशी बातिश और बेटे कनव बातिश ने बुधवार रात जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर सभी को तुरंत राजिंदरा अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान विकास बातिश और उनकी बेटी खुशी की हालत में सुधार नहीं हुआ और दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, तमन्ना और कनव का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।