भारत-ऑस्ट्रेलिया रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने पर जोर, 2030 राष्ट्रमंडल खेल और 2032 ओलंपिक को लेकर भी चर्चा

मेलबर्न (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक में व्यापार, निवेश, शिक्षा, नवाचार और खेल जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मेलबर्न में हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों में आई मजबूती और विस्तार पर संतोष जताया। दोनों पक्षों ने माना कि आर्थिक सहयोग के साथ-साथ शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में साझेदारी आने वाले वर्षों में दोनों देशों के नागरिकों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।

खेल क्षेत्र में साझेदारी पर भी जोर

बैठक के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने वर्ष 2030 में भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और 2032 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलंपिक को देखते हुए खेल सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत जन-से-जन संपर्क भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यही आपसी जुड़ाव दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

साझेदारी को आगे बढ़ाने का संकल्प

प्रधानमंत्री ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने में गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन के सहयोग और योगदान की सराहना की। दोनों नेताओं ने आने वाले वर्षों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और विस्तार देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया व्यापार, रक्षा, तकनीक और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं।