चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : नशे के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पंजाब पुलिस ने अपने ही एक कर्मचारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तरनतारन जिले में तैनात सब-इंस्पेक्टर साहिब सिंह को कथित तौर पर नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी बरामद करने का दावा किया है।
मामला उस समय सामने आया जब सीआईए स्टाफ को सूचना मिली कि एक पुलिस अधिकारी ही कथित रूप से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। सूचना के बाद एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतापन सिंह की निगरानी में विशेष टीम बनाई गई और जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तरनतारन के गांव मजूपुर निवासी साहिब सिंह से जुड़े झबाल क्षेत्र के एक अहाते में दबिश दी। तलाशी के दौरान हेरोइन और नकदी मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी एसआई कितने समय से इस नेटवर्क से जुड़ा था और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। पुलिस को आशंका है कि मामले के तार सीमा पार से आने वाली नशीली पदार्थों की खेप से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी वर्दी और पद का इस्तेमाल कर नशा तस्करी के नेटवर्क को मदद पहुंचा रहा था। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
जांच का दायरा बढ़ाया गया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।