रतलाम में अधिकारियों को दिए निर्देश, पैचवर्क और लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा

रतलाम/भोपाल (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गडकरी बुधवार को दिल्ली से एक्सप्रेसवे के निरीक्षण के लिए रवाना हुए थे। राजस्थान के बूंदी और कोटा होते हुए वह मंदसौर जिले के गरोठ पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह 19 वाहनों के काफिले के साथ दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे के निरीक्षण पर निकले।

सुबह करीब 10.25 बजे उनका काफिला रतलाम जिले की सीमा में पहुंचा। यहां रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और प्रशासनिक अधिकारी पहले से मौजूद थे। गडकरी ने कुछ देर रुककर एक्सप्रेसवे का जायजा लिया और सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया।

केंद्रीय मंत्री ने पैदल चलकर सड़क निर्माण कार्यों को देखा और कलेक्टर से जिले में चल रहे एक्सप्रेसवे के कामों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क पर चल रहे पैचवर्क सहित अन्य लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

गडकरी के दौरे को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले की सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था नियंत्रित की गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री अपने काफिले के साथ आगे के दौरे के लिए रवाना हो गए।