नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान के बाड़मेर, बालोतरा, पचपदरा और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करते हुए अपनी रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में जियो और एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर पाया गया, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन-आइडिया (वीआई) के नेटवर्क में कवरेज, कॉल ड्रॉप और डेटा स्पीड को लेकर कई कमियां सामने आई हैं।
ट्राई ने जून माह में 350.3 किलोमीटर क्षेत्र और सात प्रमुख स्थानों पर ड्राइव टेस्ट के जरिए नेटवर्क की गुणवत्ता की जांच की। परीक्षण के दौरान कवरेज, कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप तथा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे मानकों का मूल्यांकन किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, कवरेज और कॉल गुणवत्ता के मामले में जियो और एयरटेल सबसे आगे रहे। एयरटेल में 255 सफल कॉल के दौरान एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई, जबकि जियो में 260 कॉल में केवल दो कॉल ड्रॉप रिकॉर्ड की गईं। इसके विपरीत बीएसएनएल में आठ और वीआई में सात कॉल ड्रॉप दर्ज हुईं।
डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो ने 228.12 एमबीपीएस के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि एयरटेल की औसत स्पीड 145.06 एमबीपीएस रही। वीआई की डाउनलोड स्पीड 22.40 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 8.11 एमबीपीएस दर्ज की गई।
अपलोड स्पीड के मामले में एयरटेल 24.57 एमबीपीएस के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जियो की औसत स्पीड 22.28 एमबीपीएस रही। वीआई ने 10.99 एमबीपीएस और बीएसएनएल ने 3.60 एमबीपीएस की अपलोड स्पीड दर्ज की।
ट्राई के अनुसार, यह परीक्षण बाड़मेर, रामसर, बायतू, तिलवाड़ा, बालोतरा, जेरला और पचपदरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया गया। प्राधिकरण का कहना है कि ऐसे परीक्षणों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मोबाइल सेवाओं की वास्तविक गुणवत्ता से अवगत कराना और दूरसंचार कंपनियों को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना है।