एनआईआईएफ के जरिए बढ़ेगा बुनियादी ढांचा निवेश, भारत में ऑस्ट्रेलियनसुपर का कुल निवेश 3.3 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर पहुंचा

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर द्वारा भारत के नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) में 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के अतिरिक्त निवेश का स्वागत किया है। उन्होंने इसे भारत की आर्थिक प्रगति और सुधारों पर वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ऑस्ट्रेलियनसुपर का नया निवेश भारत की विकास यात्रा में दुनिया के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह देश की तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और निवेश के बढ़ते अवसरों का भी प्रमाण है।

मेलबर्न में आयोजित ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट के दौरान ऑस्ट्रेलियनसुपर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पॉल श्रोडर ने इस अतिरिक्त निवेश की घोषणा की। नए निवेश के बाद भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, इक्विटी और अन्य परिसंपत्ति वर्गों में ऑस्ट्रेलियनसुपर का कुल निवेश बढ़कर 3.3 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर हो जाएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में स्थापित नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) का उद्देश्य भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश को आकर्षित करना है। ऑस्ट्रेलियनसुपर पहले से ही भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर, इक्विटी और प्राइवेट मार्केट में लगभग 2.8 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का निवेश कर चुका है।

सरकार का मानना है कि यह नया निवेश भारत के बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के साथ-साथ वैश्विक निवेशकों के बीच देश की मजबूत आर्थिक संभावनाओं को भी रेखांकित करता है।