काउंटर इंटेलिजेंस ने तीन आरोपियों को दबोचा, आईएसआई और बीकेआई से जुड़े विदेशी तस्कर के इशारे पर कर रहे थे काम

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने अमृतसर में अवैध हथियार और विस्फोटक तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह हैंड ग्रेनेड, 12 आधुनिक पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई आई-20 कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिंटू, जोबनप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों एक विदेशी तस्कर के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के ऑपरेटिव्स का समर्थन प्राप्त था।

सूचना के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने भारतमाला बाईपास हाईवे के पास अमृतसर-चोगावां रोड पर नाकाबंदी कर आई-20 कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से छह हैंड ग्रेनेड, 12 पिस्तौल और नौ कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि आरोपियों का मकसद पंजाब के विभिन्न शहरों में हथियार पहुंचाकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना था।

इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पंजाब पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। जांच एजेंसियां आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही हैं ताकि हथियारों की सप्लाई चेन, विदेशी हैंडलरों और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।