17 लोगों की तलाश जारी, एनडीआरएफ और नौसेना की टीमें चला रहीं रेस्क्यू ऑपरेशन

मुंबई (Narendra Singh Danu) : महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र स्थित मोर्शी गारबेज डिपो में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कचरे के ढेर में भूस्खलन जैसी घटना के बाद पास की तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में अब तक चार मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 17 अन्य लोगों की तलाश जारी है।

घटना के बाद पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल विभाग, पुलिस और भारतीय नौसेना की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय इमारत में कचरा प्रसंस्करण का कार्य चल रहा था और कुल 21 कर्मचारी मौजूद थे। अब तक अशोक गुप्ता, मुनींद्र कुमार, चंद्रशेखर सिंह और दिनेश सुतार को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मलबे में विजय सपकाल, महेश कुंभार, दादासाहेब आर्डे, रणवीर सिंह, सोमनाथ शेल्के, महेश राउत, सनी माने, राहुल गायकवाड़, सुनील कोरके, अक्षय सावंत, राम प्रताप चौहान, शुभम पाटिल, सचिन दबदगांव, भावेश वाणी, सुजाता शिंदे, रंजीत पतिमी और नागेश गायकवाड़ के फंसे होने की आशंका है।

पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि भारी बारिश के कारण डंपिंग साइट पर कचरे का ढेर खिसकने से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि मलबे में फंसे कुछ लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे उनके जीवित होने की उम्मीद बनी हुई है। बचाव दल फंसे लोगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है।

पुलिस आयुक्त विनय चौबे ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।