नोएडा (Narendra Singh Danu) : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार पहली बार 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुज़ीन' (ओडीओसी) पवेलियन बनाया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश सरकार ने मई 2026 में ओडीओसी योजना के तहत प्रत्येक जिले का एक प्रमुख व्यंजन चिन्हित किया था। इसी योजना को बढ़ावा देने के लिए ट्रेड शो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आगंतुकों को विभिन्न जिलों के खास व्यंजनों की जानकारी मिलेगी। वहीं, इन व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए अलग फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
ओडीओसी पवेलियन में अयोध्या की कचौरी और कुल्हड़ दही-जलेबी, अमेठी का समोसा, बुलंदशहर की खुरचन, प्रयागराज की सब्जी-कचौरी, हाथरस की रबड़ी, इगलास की चमचम, मैनपुरी की सोनपापड़ी, आजमगढ़ की तहरी, बलिया का सत्तू, मऊ की लिट्टी-चोखा, झांसी की दाल-बाफला, कुशीनगर के केले के चिप्स, श्रावस्ती की इमरती, देवरिया का मालपुआ और लखनऊ की रेवड़ी समेत कई पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी।
इसके अलावा ट्रेड शो में पिछले वर्षों की तरह अलग फूड जोन भी बनाया जाएगा, जहां आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, लखनऊ के टुंडे कबाब सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोकप्रिय व्यंजन लोगों के लिए उपलब्ध होंगे।
उपायुक्त उद्योग, गौतमबुद्ध नगर पंकज निर्वाण ने बताया कि ट्रेड शो में ओडीओसी पवेलियन इस बार का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके लिए स्टॉल आवंटन की प्रक्रिया जारी है। उनका कहना है कि इस पहल से स्थानीय व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी तथा उनसे जुड़े कारोबारियों को नए व्यापारिक अवसर भी प्राप्त होंगे।