अमृतसर (Narendra Singh Danu) : अमृतसर-मानावाला रेलवे ट्रैक पर ओएचई पोल पर लगा एक सीसीटीवी कैमरा मिलने से रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और सिविल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर-जालंधर रेलवे सेक्शन पर जीआरपी की टीम मंगलवार शाम रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर अमृतसर-मानावाला के बीच किलोमीटर संख्या 508/23 पर ओएचई पोल पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी।
कैमरा संदिग्ध परिस्थितियों में लगा होने की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ, सिविल पुलिस और एआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। आरपीएफ ने कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि यह कैमरा किसने लगाया, इसका उद्देश्य क्या था और इससे किसी तरह की निगरानी की जा रही थी या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।