नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की गरौठा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। ईडी की इलाहाबाद जोनल यूनिट ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत लखनऊ, झांसी समेत कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है। एजेंसी उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीप नारायण सिंह यादव रियल एस्टेट, निर्माण कार्य और अन्य व्यावसायिक कंपनियों से जुड़े रहे हैं। उनके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों की भी जांच चल रही है।
तलाशी अभियान के दौरान ईडी की टीम ने पूर्व विधायक, उनके परिवार के सदस्यों तथा उनसे जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों की जांच की। इस दौरान दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, चल-अचल संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
ईडी ने फिलहाल बरामदगी या जब्ती से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। तलाशी अभियान जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।