क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने और फायरिंग का दावा, जवाबी कार्रवाई में हुई मौत; एक और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ कुल चार आरोपी गिरफ्तार

कोलकाता (Narendra Singh Danu) : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रभास मंडल मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की सर्विस राइफल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:45 बजे प्रभास मंडल को सूरजपुर स्थित घटनास्थल पर जांच के सिलसिले में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और मौके से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने एक राउंड फायर भी किया, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की गई।

गौरतलब है कि रविवार को सूरजपुर इलाके के एक तालाब से नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ था। आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।

जांच के दौरान पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें कथित तौर पर किशोरी एक युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने भी दावा किया था कि लापता होने से पहले किशोरी को प्रभास मंडल के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने प्रभास को गिरफ्तार किया था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान प्रभास मंडल लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था और सही जानकारी नहीं दे रहा था। इसी कारण घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए उसे घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया जा रहा था।

इस बीच, मामले में एक और आरोपी कबीर मोल्ला को उत्तर 24 परगना के बशीरहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ, बारुईपुर एसओजी और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई इस गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। इससे पहले प्रभास मंडल, आनंद सरदार और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार किया जा चुका था।