नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के धन के कथित गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें लद्दाख में तैनात बीआरओ का एक सहायक अभियंता (सिविल) और कारगिल के दो श्रमिक आपूर्ति एजेंट शामिल हैं।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार सहायक अभियंता 81 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (आरसीसी) के तहत खात्से-बटालिक सेक्टर का प्रभारी था। जांच में आरोप है कि उसने दोनों एजेंटों के साथ मिलकर अस्तित्वहीन श्रमिकों के नाम पर फर्जी भुगतान करवाया। जांच में यह भी सामने आया कि फर्जी श्रमिकों के नाम पर निकाली गई सरकारी राशि एजेंटों के जरिए सहायक अभियंता के खाते में पहुंचाई गई।
इस मामले में सीबीआई ने बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं में धन के दुरुपयोग से संबंधित चार एफआईआर दर्ज की हैं। जांच के क्रम में रविवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड समेत 26 स्थानों पर छापेमारी की गई थी। इसके बाद सोमवार को हिमाचल प्रदेश में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
रक्षा मंत्रालय की शिकायत पर दर्ज मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी के अलावा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी के आरोप शामिल हैं।
सीबीआई ने बताया कि तीनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लद्दाख की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।