बठिंडा (Narendra Singh Danu) : थाना कैंट क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के कथित अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, फिरौती मांगने और सरकारी काम में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता सिपाही कुलविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि हरजिंदर सिंह, पोपा और उनके तीन अज्ञात साथियों ने उसे पहले किसी बात को लेकर घेरा और उसकी वीडियो बनाई। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर गांव सेमा कलां ले गए।
सिपाही के अनुसार, गांव में ले जाकर आरोपितों ने उसे धमकाया और दो लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने उसका एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिया और उसकी स्विफ्ट कार (पीबी-03एजी-5030) भी साथ ले गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने पुलिसकर्मी को डराने-धमकाने के साथ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा।
मामले की जांच के बाद थाना कैंट पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपितों की तलाश में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।