टेक्सटाइल हब से ग्रोथ इंजन तक, नीति आयोग ने पानीपत के लिए तैयार की विशेष विकास रणनीति उद्योग, रोजगार और आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई गति, नीति आयोग ने अधिकारियों के साथ बनाई कार्य योजना

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : भारत सरकार के नीति आयोग की प्रोग्राम डायरेक्टर अन्ना रॉय ने मंगलवार को जिला सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में स्मॉल सिटी इनिशिएटिव विषय पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। बैठक में नीति आयोग द्वारा विकसित भारत-2047 के विजन के तहत छोटे शहरों के सुनियोजित आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि नीति आयोग द्वारा देशभर के कई शहरों के अध्ययन के बाद पानीपत को पायलट शहर के रूप में चयनित किया गया है। पानीपत की मजबूत औद्योगिक पहचान, विशेषकर टेक्सटाइल एवं एमएसएमई सेक्टर, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी तथा क्षेत्रीय आर्थिक महत्व को देखते हुए इसे इस महत्वाकांक्षी पहल में शामिल किया गया है। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से आधारभूत ढांचे, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यावरण, नगर नियोजन, परिवहन, वित्त, जलापूर्ति, सीवरेज, रोजगार, कौशल विकास, निवेश, भूमि उपयोग तथा भविष्य की विकास परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत आंकड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इन आंकड़ों के आधार पर पानीपत के लिए एक व्यापक आर्थिक विकास योजना तैयार की जाएगी, जो अन्य छोटे शहरों के लिए भी मॉडल बनेगी।

इस अवसर पर नीति आयोग की प्रोग्राम डायरेक्टर अन्ना रॉय ने कहा कि स्मॉल सिटी इनिशिएटिव का उद्देश्य छोटे शहरों की स्थानीय विशेषताओं, औद्योगिक क्षमता और मानव संसाधनों का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर उनके लिए ऐसा विकास मॉडल तैयार करना है जो आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन, निवेश आकर्षित करने और बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायक बने। पानीपत अपने मजबूत टेक्सटाइल उद्योग, एमएसएमई नेटवर्क, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय आर्थिक महत्व के कारण इस पहल के लिए आदर्श शहर है। विभिन्न विभागों के सहयोग से तैयार होने वाला यह मॉडल भविष्य में देश के अन्य छोटे शहरों के लिए भी मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा की पानीपत का नीति आयोग की इस महत्वाकांक्षी पहल के लिए पायलट शहर के रूप में चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में आवश्यक सूचनाएं एवं आंकड़े उपलब्ध कराएं ताकि शहर के समग्र और योजनाबद्ध विकास का मजबूत रोडमैप तैयार किया जा सके। यह पहल उद्योग, निवेश, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ पानीपत को विकसित भारत-2047 के विजन में एक सशक्त आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सिविल सर्जन विजय मलिक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।