पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक) : वनमहोत्सव के अवसर पर मोहड़ी स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संदेश के साथ पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गुणतास सिंह गिल ने प्रशासनिक अधिकारियों, मेडिकल स्टूडेंट्स तथा स्टाफ के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किये भी और पौधे वितरित भी किया।

इस अवसर पर डॉ. गुणतास सिंह गिल ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल भी करे। वनमहोत्सव केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संकल्प है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि आदेश अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज समय-समय पर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का भी आयोजन करता रहता है, ताकि समाज में सकारात्मक जागरूकता बढ़ाई जा सके। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल स्टूडेंट्स, चिकित्सकों तथा अस्पताल के प्रशासनिक स्टाफ ने पौधारोपण करने के साथ-साथ इन पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. गुरसतिन्द्र सिंह, डा. नरेश ज्योति, वरिष्ठ चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।