नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में गडकरी ने नागपुर-विजयवाड़ा कॉरिडोर और सोलापुर-चेन्नई कॉरिडोर सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि तय समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी हो सकें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये रणनीतिक राजमार्ग कॉरिडोर क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेंगे और लोगों व माल की आवाजाही को अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनाएंगे। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
गडकरी ने कहा कि विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना का निर्माण 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी, परिवहन दक्षता बढ़ेगी और राज्यों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।