मुंबई (Narendra Singh Danu) : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.128 किलोग्राम कोकीन के साथ एक विदेशी महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10.65 करोड़ रुपये बताई गई है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार टीम को विदेशी महिला द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर मुंबई एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान फ्रीटाउन से नैरोबी के रास्ते मुंबई पहुंची महिला यात्री को रोककर उसके सामान की गहन जांच की गई।
ट्रॉली बैग के हैंडल में छिपाई थी कोकीन
तलाशी के दौरान महिला के ट्रॉली बैग के मेटल हैंडल में बड़ी चतुराई से छिपाए गए 17 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों से कुल 2.128 किलोग्राम कोकीन मिली, जिसे डीआरआई ने जब्त कर लिया।
डीआरआई ने महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।