गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : हरियाणा मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षित स्कूल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम में सोमवार से स्कूल बसों का विशेष संयुक्त जांच अभियान शुरू किया गया।
अभियान के पहले दिन विभिन्न स्कूलों में संचालित 105 बसों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं की विस्तृत जांच की गई।
एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए हरेंद्र वीर ने बताया कि यह अभियान अगले 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें जिले की लगभग 4500 स्कूल बसों का निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डीसी उत्तम सिंह के निर्देश पर अभियान को पूरी पारदर्शिता और समन्वय के साथ चलाया जा रहा है, ताकि सभी स्कूल वाहन सुरक्षित स्कूल वाहन नीति और मोटर वाहन अधिनियम के मानकों का पालन करें।
निरीक्षण के लिए गठित संयुक्त टीम में डीसीपी ट्रैफिक, आरटीए अधिकारी, हरियाणा रोडवेज के अधिकारी, एसडीएम प्रतिनिधि, जिला शिक्षा विभाग और रोड सेफ्टी अधिकारी शामिल हैं।
पहले दिन की जांच में बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, चालक के लाइसेंस और मेडिकल फिटनेस, पुलिस वेरिफिकेशन, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार किट, इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिन बसों में कमियां पाई गई हैं, उनके स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को नोटिस जारी किया गया है और उन्हें सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।