नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इनमें एक आतंकी मॉड्यूल और दूसरा अवैध हथियारों की तस्करी से संबंधित नेटवर्क शामिल है। इस कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब से कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज (एनडीआर) यूनिट ने संयुक्त अभियान चलाकर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। आरोपितों के पास से पिस्टल और पेट्रोल बम भी बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इस नेटवर्क के संबंध किन-किन राज्यों तथा संगठनों तक फैले हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ छापेमारी अभियान जारी है। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और फंडिंग स्रोतों की भी जांच की जा रही है।