लुधियाना (Narendra Singh Danu) : शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के तहत लुधियाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित एंट्री पॉइंट को पूरी तरह सील कर दिया है। थाना लाडोवाल पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई के दौरान हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह काहलों ने बताया कि यह विशेष नाकाबंदी डीजीपी गौरव यादव और पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के निर्देशों के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है।
उन्होंने कहा कि एंट्री पॉइंट पर आने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन को रोककर पूछताछ की जा रही है और संतुष्ट होने के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। इस दौरान कई वाहनों की जांच के साथ-साथ नियमों के उल्लंघन पर चालान भी काटे गए।
पुलिस के अनुसार यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने तथा शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।