कैश के साथ UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भी मिलेगा टिकट, एक महीने में नई व्यवस्था लागू होने की तैयारी

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब रोडवेज जल्द ही अपनी टिकट व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रहा है। विभाग ने बसों में क्यूआर कोड, यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए टिकट भुगतान की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर ली है। नई प्रणाली का ट्रायल शुरू हो चुका है और इसके लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए केवल नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

सूत्रों के अनुसार, नई डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है। डिजिटल भुगतान के जरिए टिकट जारी होने से समय की बचत होगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जा सकेगा।

एक महीने में हो सकती है शुरुआत

जानकारी के मुताबिक, नई मशीनों की टेस्टिंग और तकनीकी सेटअप पूरा करने में करीब एक महीने का समय लगेगा। इसके बाद यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से पंजाब रोडवेज की बसों में शुरू की जाएगी।

पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान जोध सिंह ने कहा कि नई व्यवस्था से टिकट प्रणाली में बड़ा बदलाव आएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं कंडक्टरों का काम भी आसान होगा क्योंकि टिकट का भुगतान सीधे विभाग के खाते में पहुंचेगा।

वहीं जीएम-2, अमृतसर हरविंदर सिंह ने बताया कि नई टिकट मशीनों की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। मशीनों में ड्राइवर और कंडक्टर का विवरण भी फीड किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन्हें बसों में इस्तेमाल के लिए शुरू कर दिया जाएगा।