नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से छह दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। 6 से 11 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा में वह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दौरा भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी', 'महासागर विजन' और मुक्त एवं खुले इंडो-पैसिफिक के लक्ष्य को नई मजबूती देगा।
यात्रा का पहला पड़ाव इंडोनेशिया होगा, जहां प्रधानमंत्री 6 से 8 जुलाई तक राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर रहेंगे। मोदी ने कहा कि 2018 में दोनों देशों के रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था और उसके बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इस दौरान दोनों नेता रक्षा, व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर भी जाएंगे और भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे।
इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे, जहां मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ वार्ता होगी। दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, शिक्षा, निवेश और लोगों के आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। मोदी यहां भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड जाएंगे। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ उनकी बैठक होगी, जिसमें आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक सहयोग बढ़ाने पर फोकस रहेगा। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और द्विपक्षीय रिश्तों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तीनों देशों की यह यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भूमिका को और मजबूत करेगी तथा साझेदार देशों के साथ संबंधों को नई ऊंचाई देगी।